अम्बेडकरनगर।पूर्वांचल में सरयू नदी उफान पर है,सरयू नदी का तेजी से बढ़ता जलस्तर देवारांचल के साथ ही तटीय इलाकों के वाशिन्दों की धड़कनों को बढ़ा रहा है।उधर प्रशासन सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।जिले के पूर्वांचल में स्थित बाढ़ प्रभावित इलाके में शुमार देवारांचल की धड़कने एक बार पुनः बढ़नी शुरू हो गई हैं।
हर साल बाढ़ की विभीषिका झेलने वाले देवारांचल और सरयू नदी के तटीय इलाकों के दर्जनों गांव सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से सहम रहे हैं।सरयू नदी की गोंद में बसे आराजी देवारा और माझा कम्हरिया के आधा दर्जन से अधिक पुरवों कल्लू का पुरवा, पटपरवा,नौवका का पूरा,बद्री का पूरा,सतनारायण का पूरा,दलित बस्ती,प्रसाद कुर्मी का पूरा, करिया लोना का पूरा रघु का पुरवा हंसू का पूरा हर साल बाढ़ का कहर झेलता है।इस साल भी बाढ़ की आहट दस्तक दे रही है। नदी के किनारे बसे बाढ़ प्रभावित रहने वाले गांव के खेतों अभी सैकडों एकड़ गन्ने की फसल लगी हुई है।सरयू नदी में तेजी से बढ़ते जलस्तर ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है। उफनती सरयू नदी अब गांव की दहलीज पर आने को बेताब है। हालांकि बाढ़ प्रभावित इलाके में नदी का पानी उफान पर तो है लेकिन अभी गावों में बाढ़ की स्थिति नहीं है।उपजिलाधिकारी सौरभ शुक्ला ने बताया कि सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए इस पर प्रशासन नजर बनाए हुए है।सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं,प्रशासन किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सारी तैयारियां कर चुका है।