अम्बेडकरनगर। पूर्वांचल में स्थित आलापुर तहसील क्षेत्र के देवारांचल के गांव तक बाढ़ ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। एक तरफ जहां अराजी देवारा गांव के चार पुरवे पानी से घिर गए हैं वहीं दूसरी तरफ रास्तों पर पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बंधे के निचले इलाकों में पानी भरने लगभग छह सौ बीघे गन्ने तथा धान की फसलें जलमग्न हो गई हैं।आलापुर तहसील क्षेत्र के बाढ़ से प्रभावित रहने वाले देवारांचल के आराजी देवारा एवं मांझा कम्हरिया में घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण मुसीबत की बाढ़ ने धीरे धीरे सामान्य जनजीवन को अस्त व्यस्त करना शुरू कर दिया है। देवरांचल के निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। आराजी देवारा गांव के करिया लोनिया का पूरा, हंसू का पुरवा, प्रसाद कुर्मी का पूरा और सिद्धनाथ का पुरवा पानी से घिरने लगे हैं। अराजी देवारा के साथ ही मांझा कम्हरिया के कल्लू का पुरवा, पटपरवा, नौवका का पूरा,बद्री का पूरा ,सतनारायण का पूरा, दलित बस्ती,प्रसाद कुर्मी का पूरा, करिया लोना का पूरा रघु का पुरवा हंसू का पूरा जयराम निषाद का पुरवा में धीरे धीरे पानी गावों के रास्तों को अपने आगोश में लेना शुरू कर दिया है। सिद्धनाथ की कुटी के पास पानी अधिक होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। बंधे से सटे क्षेत्र एवं पुरवों के रास्तों में पानी भरे होने से ग्रामीण पानी में से होकर आवागमन कर रहे हैं।बंधे से सटे खेतों में पानी भरे होने के कारण फसलें डूब गई हैं। अराजी देवारा एवं मांझा कम्हरिया के साथ ही तटीय गांव इटौरा ढोलीपुर में छह सौ बीघे से अधिक फसल पानी में डूब गई है।